एमिटी विश्वविद्यालय में औषधीय पौधों के मूल्य संवर्धन पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
20 संस्थानों के 30 अधिकारियों ने लिया हिस्सा, औषधीय पौधों से व्यावसायिक उत्पाद तैयार करने और किसानों की आय बढ़ाने पर दिया जाएगा प्रशिक्षण
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। एमिटी विश्वविद्यालय में विभिन्न संस्थानों के क्लास-2 एवं क्लास-3 सेवा अधिकारियों के लिए ‘औषधीय पौधों की कटाई में मूल्य संवर्धन और उनसे बनने वाले व्यावसायिक उत्पाद’ विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन एमिटी के नैचुरल रिसोर्सेज एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट, एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एनवायरनमेंट एंड सस्टेनेबिलिटी तथा एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फाइटोकेमिस्ट्री एंड फाइटोमेडिसिन की ओर से किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन हिमाचल प्रदेश के पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. जीएस गोराया, एमिटी विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर डॉ. बलविंदर शुक्ला, भारत सरकार के राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड के डिप्टी चीफ एग्जीक्यूटिव अधिकारी डॉ. अब्दुज कयूम, छत्तीसगढ़ जनजातीय, स्थानीय स्वास्थ्य परंपराएं एवं औषधीय पादप बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेएसीएस राव, गुजरात के पूर्व अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एसएन त्यागी, डॉ. जेसी काला और डॉ. एसपी सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वन विभाग, सीएसआईआर, बागवानी विभाग और राज्य औषधीय पादप बोर्ड सहित 20 संस्थानों के 30 अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें तकनीकी अधिकारी, कनिष्ठ वैज्ञानिक, प्रोजेक्ट अधिकारी, सेक्शन इंजीनियर और गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश के पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. जीएस गोराया ने कहा कि औषधीय पौधों का मूल्य संवर्धन उनकी सही पहचान से शुरू होता है। इनके लिए बाजार और संग्रह दो महत्वपूर्ण पहलू हैं। औषधीय पौधे कृषि और वन दोनों माध्यमों से प्राप्त किए जाते हैं। इनके संग्रह के बाद सफाई, सुखाने, साइजिंग, ग्रेडिंग और पैकेजिंग जैसी प्रक्रियाएं उत्पाद का मूल्य बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में शामिल अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हैं, इसलिए उनके लिए इस विषय का व्यावहारिक ज्ञान बेहद जरूरी है।
एमिटी विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर डॉ. बलविंदर शुक्ला ने कहा कि प्राचीन समय से ही भारतीय परंपरा में स्वस्थ रहने के लिए औषधीय पौधों का उपयोग किया जाता रहा है। आज भी इनका महत्व बना हुआ है और वैश्विक स्तर पर इनकी मांग बढ़ रही है। एमिटी का उद्देश्य किसानों, जनजातीय समुदायों, युवाओं और महिलाओं की आय बढ़ाने के अवसर विकसित करना है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और कौशल का उपयोग अपने व्यावसायिक जीवन में करने का आह्वान किया।
भारत सरकार के राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड के डिप्टी चीफ एग्जीक्यूटिव अधिकारी डॉ. अब्दुज कयूम ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है। ऐसे में औषधीय पौधों की उपयोगिता और मांग में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि औषधीय पौधे पारंपरिक चिकित्सा और हर्बल उद्योग का महत्वपूर्ण आधार होने के साथ-साथ देश की बड़ी आबादी को आजीविका और स्वास्थ्य सुरक्षा भी प्रदान करते हैं। उनके अनुसार, औषधीय पौधों की लगभग 1,178 प्रजातियों का व्यापार होता है, जिनमें 242 प्रजातियों की वार्षिक खपत 100 मीट्रिक टन से अधिक है।
छत्तीसगढ़ जनजातीय, स्थानीय स्वास्थ्य परंपराएं एवं औषधीय पादप बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेएसीएस राव ने औषधीय पौधों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने, मिट्टी से लेकर अंतिम उत्पाद तक की प्रक्रिया तथा इस क्षेत्र में स्टार्टअप शुरू करने की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।
गुजरात के पूर्व अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एसएन त्यागी ने कहा कि औषधीय पौधों की खेती करते समय संबंधित प्रजाति के प्राकृतिक पर्यावरण और अनुकूल परिस्थितियों की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने किसानों के सामने उत्पादन और पौधों को सुरक्षित तरीके से सुखाने के लिए उचित स्थान की कमी जैसी चुनौतियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने सही औषधीय प्रजाति का चयन करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ ग्लोबल वार्मिंग एंड इकोलॉजिकल स्टडीज के सलाहकार डॉ. जेसी काला और एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एनवायरनमेंट एंड सस्टेनेबिलिटी के मार्गदर्शक डॉ. एसपी सिंह ने भी अपने विचार रखे। संस्थान की डॉ. रचना सिंह ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने औषधीय पौधों के व्यापार, उनसे जुड़े खतरों एवं संरक्षण, औषधीय पौधों की बेहतर खेती और उनके संग्रह के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के दिशा-निर्देशों तथा कटाई के बाद की प्रक्रियाओं (पोस्ट हार्वेस्टिंग) के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
यह भी पढ़ें