यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 28 IPS अधिकारियों के तबादले; 4 पुलिस कमिश्नर बदले
मोहित अग्रवाल को प्रयागराज और लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद की जिम्मेदारी; जे. रविंदर गौड़ नोएडा के नए पुलिस कमिश्नर, पीयूष मोर्डिया को ADG स्थापना बनाया गया
अनप्लग इंडिया। डेस्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शुक्रवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 28 IPS अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस सूची में कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। चार पुलिस कमिश्नरों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं, जबकि दो जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) की भी अदला-बदली की गई है।
वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ अब नोएडा के नए पुलिस कमिश्नर होंगे।
चार शहरों के पुलिस कमिश्नर बदले
तबादला सूची के अनुसार प्रमुख नियुक्तियां इस प्रकार हैं:
- मोहित अग्रवाल: वाराणसी से प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर बनाए गए।
- लक्ष्मी सिंह: गौतमबुद्धनगर से गाजियाबाद की पुलिस कमिश्नर बनाई गईं।
- जे. रविंदर गौड़: गाजियाबाद से गौतमबुद्धनगर के पुलिस कमिश्नर बनाए गए।
- पीयूष मोर्डिया: प्रयागराज से ADG स्थापना, लखनऊ भेजे गए।
इसके अलावा लखनऊ के IG किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वह अयोध्या में चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए गठित SIT के प्रमुख रह चुके हैं।
दो जिलों के SSP की भी अदला-बदली
सरकार ने अयोध्या और मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को भी बदल दिया है। गौरव ग्रोवर को अयोध्या से मुरादाबाद भेजा गया है, जबकि मुरादाबाद के SSP सतपाल को अयोध्या की जिम्मेदारी दी गई है।
ADG और DIG स्तर पर भी बदलाव
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादलों में जोन और परिक्षेत्र स्तर पर भी फेरबदल किया गया है।
- बरेली के ADG रमित शर्मा को लखनऊ जोन का ADG बनाया गया है।
- लखनऊ के ADG प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है।
- अलीगढ़ के DIG प्रभाकर चौधरी को लखनऊ का DIG बनाया गया है।
- अभिषेक सिंह को सहारनपुर से आगरा परिक्षेत्र का DIG बनाया गया है।
- शैलेष कुमार पांडेय को आगरा परिक्षेत्र से अलीगढ़ भेजा गया है।
- DIG टेक्निकल सर्विसेज आशीष तिवारी को सहारनपुर का DIG बनाया गया है।
गौतमबुद्धनगर की DCP सुनीति का भी तबादला
गौतमबुद्धनगर की पुलिस उपायुक्त (DCP) सुनीति को लखनऊ में DGP मुख्यालय पर SP बनाया गया है।
इसके अलावा बरेली में PAC के सेनानायक आकाश तोमर को मुरादाबाद स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी का SP नियुक्त किया गया है। अमित कुमार प्रथम को PAC मुरादाबाद के सेनानायक पद से हटाकर आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW), लखनऊ का SP बनाया गया है।
इन तबादलों के बाद प्रदेश के कई प्रमुख शहरों और पुलिस जोन में नई प्रशासनिक जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
यह भी पढ़ें