शिक्षक दंपती हत्याकांड का खौफनाक खुलासा, बस चालक ही निकला मास्टमाइंड, चोरी करते पत्नी ने देखा चेहरा तो कर दी हत्या
न्यूज़रूम डेस्क
•
•
3 मिनट पढ़ें
कादीपुर के मनराजी शिक्षण संस्थान में दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, स्कूल में बस चलाने और कंप्यूटर पढ़ाने वाला राकेश निकला मुख्य सूत्रधार, साथी आशीष के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
अनप्लग इंडिया। डेस्क
सुल्तानपुर। सुलतानपुर के कादीपुर में शिक्षक दंपती की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, स्कूल में बस चलाने और कंप्यूटर पढ़ाने वाले राकेश यादव ने साथी आशीष यादव के साथ चोरी की योजना बनाई थी। चोरी के दौरान शिक्षक की पत्नी ने दोनों को पहचान लिया, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। शिक्षक ने भागने की कोशिश की तो आरोपियों ने पीछा कर उनकी भी हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथियार और नकदी बरामद की गई है।
सुलतानपुर, अमृत विचार। सुलतानपुर जिले के कादीपुर के कुम्हीडड़िया गांव स्थित मनराजी शिक्षण संस्थान में शिक्षक दंपती की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली। संस्थान में बस चलाने और कंप्यूटर पढ़ाने वाला राकेश यादव ही वारदात का मुख्य सूत्रधार निकला। उसने अपने पटीदार आशीष यादव उर्फ डब्बू के साथ मिलकर स्कूल में चोरी की योजना बनाई थी। चोरी करते समय शिक्षक की पत्नी विनीता सिंह ने दोनों को पहचान लिया।
राज खुलने के डर से राकेश ने फावड़े से विनीता पर कई वार कर दिए। शिक्षक मुकेश सिंह ने बचने के लिए भागने की कोशिश की तो दोनों ने पीछा कर कुल्हाड़ी से उनकी भी हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को बुढ़ाना पुल के पास बड़ी नहर पुलिया से करीब 50 मीटर पूर्व गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल रक्तरंजित फावड़ा और कुल्हाड़ी, 34,960 रुपये नकद, विनीता का आधार कार्ड और घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े बरामद किए गए हैं।
चाबी से खोला लॉकर, पत्नी ने देख लिया
पुलिस के अनुसार राकेश को स्कूल के कार्यालय, अलमारी और सीसीटीवी कैमरों की पूरी जानकारी थी। 28 सितंबर की रात दोनों चोरी के इरादे से संस्थान पहुंचे। राकेश ने कार्यालय में रखी चाबी से अलमारी का लॉकर खोला। इसी दौरान विनीता सिंह की नजर दोनों पर पड़ गई और उन्होंने विरोध किया। पहचान लिए जाने के डर से राकेश ने पास रखे फावड़े से उन पर हमला कर दिया।
शिक्षक को दौड़ाकर कुल्हाड़ी से किया वार
पत्नी पर हमला होते देख शिक्षक मुकेश सिंह बाहर की ओर भागे। आरोपियों ने उनका पीछा किया और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों लॉकर से नकदी के साथ विनीता का मोबाइल और आधार कार्ड लेकर फरार हो गए। राकेश ने घटना के बाद विनीता के मोबाइल से रात में कई लेनदेन किए और बाद में पकड़े जाने के डर से मोबाइल कुएं में फेंक दिया।
पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार राकेश यादव के खिलाफ 2012 और 2021 में दो मुकदमे दर्ज हैं। आशीष यादव के खिलाफ भी 2021 में एक मुकदमा दर्ज है। दोनों के खिलाफ दोहरे हत्याकांड का मुकदमा भी कादीपुर थाने में दर्ज है।
एसओजी समेत लगी थी पांच टीमें
दोहरे हत्याकांड के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस समेत पांच पुलिस टीमें लगाई गई थीं। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से वैज्ञानिक व फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। एसपी विनीत जायसवाल ने मामले में एसआईटी गठित कर वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर विवेचना पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस जल्द आरोपपत्र दाखिल कर ऑपरेशन कनविक्शन के तहत प्रभावी पैरवी की तैयारी में है। फिलहाल दोनों को न्यायालय भेजा गया जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें