लक्ष्मी सिंह ने संभाला गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर का कार्यभार, बनीं जिले की पहली महिला पुलिस कमिश्नर
जे. रविंदर गौड़ ने किया स्वागत, करीब चार साल तक नोएडा में संभाली थी कमिश्नर की जिम्मेदारी; अब गौड़ को मिली नोएडा की कमान
अनप्लग इंडिया। डेस्क
गाजियाबाद। जिले को शनिवार को पहली महिला पुलिस कमिश्नर मिल गईं। 2000 बैच की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी लक्ष्मी सिंह ने शनिवार दोपहर पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय पहुंचकर गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभाल लिया। इस दौरान नोएडा के नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में एडिशनल पुलिस कमिश्नर सहित डीसीपी और एसीपी भी मौजूद रहे।
इससे पहले शुक्रवार को उत्तर प्रदेश शासन ने 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए थे। इस फेरबदल में करीब चार साल से नोएडा पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी संभाल रहीं लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को नोएडा की जिम्मेदारी सौंपी गई।
पश्चिमी यूपी की कानून व्यवस्था का अनुभव
लक्ष्मी सिंह 2000 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और एडीजी रैंक पर तैनात हैं। उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था का अनुभव है। वह मेरठ रेंज में डीआईजी के पद पर भी रह चुकी हैं।
नोएडा में करीब चार साल तक पुलिस कमिश्नर रहने के दौरान वह जिले की पहली महिला पुलिस कमिश्नर बनी थीं। अब गाजियाबाद में भी उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है।
फील्ड निरीक्षण, पुलिसिंग में सुधार और जनसुनवाई को लेकर उनकी सक्रियता चर्चा में रही है। गाजियाबाद में उनके सामने कानून व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।
जे. रविंदर गौड़ का करीब 20 महीने का कार्यकाल
2005 बैच के आईपीएस अधिकारी जे. रविंदर गौड़ करीब 20 महीने तक गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर रहे। उनके कार्यकाल के दौरान पुलिस मुठभेड़ों में आठ बदमाश मारे गए। इसके अलावा यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किए गए।
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर चालान करने के लिए हेड कांस्टेबलों को दी गई आईडी बंद कराने का फैसला भी उनके कार्यकाल में लिया गया था। अब उन्हें नोएडा पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें