इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़ में स्नैचर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
चेन-मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली-एनसीआर में 12 से ज्यादा केस दर्ज
अनप्लग इंडिया। डेस्क
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने बुधवार देर रात चेन और मोबाइल स्नैचिंग के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि बुधवार देर रात इंदिरापुरम थाना पुलिस की टीम 5/6 पुलिया रोड पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कनावनी पुलिया की ओर से एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन युवक ने बाइक पीछे मोड़कर वहां से भागने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, भागते समय आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया।
गरिमा गार्डन का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी पहचान मुनासिर उर्फ मुनाजिर, निवासी गरिमा गार्डन, साहिबाबाद के रूप में की। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए उसे अस्पताल भेजा और इसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
दिल्ली-एनसीआर में स्नैचिंग की वारदातें करने की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद क्षेत्र में चेन और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार, करीब दो सप्ताह पहले इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की एक वारदात में भी उसकी भूमिका सामने आई है।
तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की टीवीएस बाइक और पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग थानों में लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ ही पूर्व में हुई अन्य घटनाओं में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें