गाजियाबाद में पति, बेटे और भांजे को धीमा जहर देने के आरोप में महिला गिरफ्तार
खाने में मिलाती थी सीसे का पाउडर, तीनों की मेडिकल रिपोर्ट में लेड पॉइजनिंग की पुष्टि; पुलिस के मुताबिक, ट्रैवल कारोबार और बीमा की रकम पर कब्जे की थी योजना
अनप्लग इंडिया। डेस्क
गाजियाबाद। इंदिरापुरम में पति, बेटे और भांजे को कथित तौर पर लंबे समय तक खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर देने के मामले में पुलिस ने 42 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रेनू भटनागर के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि वह करीब एक साल तक परिवार के तीन सदस्यों के भोजन में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में सीसा (लेड) का पाउडर मिलाती रही।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का मकसद पति के ट्रैवल कारोबार पर नियंत्रण हासिल करना था। इसके अलावा पति के नाम पर करीब 2 करोड़ रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी थी, जिसमें रेनू नॉमिनी थी। पुलिस इस मामले में संपत्ति और बीमा की रकम को संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।
ट्रांस हिंडन के डीसीपी रिजुल के मुताबिक, रेनू ने पूछताछ में पति को जहर देने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि बेटे और भांजे को भी इसी तरह निशाना बनाया गया था। मामले में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
ब्लड टेस्ट में सामने आई सीसे की अधिक मात्रा
ट्रैवल कारोबारी सुशील कुमार भटनागर के मुताबिक, 21 अगस्त 2025 को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। जांच कराने पर खून में लेड की मात्रा सामान्य से काफी अधिक पाई गई। इसके बाद उन्हें वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब दो महीने तक इलाज चला। हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भी रखना पड़ा।
सुशील के अनुसार, डॉक्टरों ने उन्हें क्रॉनिक लेड पॉइजनिंग की जानकारी दी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ी और फिर भर्ती कराना पड़ा। बाद में उनका बेटा वंश (16) और भांजा देव भटनागर (21) भी बीमार पड़ गए। तीनों की मेडिकल रिपोर्ट में लेड पॉइजनिंग की पुष्टि हुई।
बेटी की बात से परिवार को हुआ शक
डीसीपी रिजुल के मुताबिक, शुरुआत में सुशील के पास पत्नी के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं था। सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में उनकी 12 वर्षीय बेटी ने परिवार को बताया कि मां पहले अपने और बेटी के लिए खाना अलग रखती थीं। इसके बाद बाकी सदस्यों को परोसे जाने वाले भोजन पर कुछ छिड़कती थीं।
परिवार ने जब रेनू से इस बारे में सवाल किया तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद वह दिल्ली में अपनी बहन के घर चली गई। सुशील ने 24 सितंबर 2026 को इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
ट्रैवल कारोबार पर कब्जे की थी योजना: पुलिस
पुलिस के अनुसार, सुशील का ट्रैवल कारोबार सालाना करीब 5 से 6 करोड़ रुपये का है। भांजा देव भी कारोबार की देखरेख करता था। जांच में सामने आया कि रेनू कारोबार पर पूरा नियंत्रण चाहती थी। पुलिस का दावा है कि इसी वजह से उसने पति और भांजे को निशाना बनाने की योजना बनाई। बेटे को भी इसलिए निशाना बनाया गया, क्योंकि वह पिता का पक्ष लेता था।
पुलिस के मुताबिक, सुशील के नाम पर करीब 2 करोड़ रुपये की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी भी है, जिसमें रेनू नॉमिनी थी। एसीपी अभय डागा ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने संपत्ति और बीमा की रकम के लालच में पति को धीमा जहर देने की बात स्वीकार की है।
पिता की ज्वैलरी दुकान से लेड मिलने की आशंका
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रेनू के पिता की ज्वैलरी की दुकान है। वहां धातु की ढलाई से जुड़े कामों में लेड का इस्तेमाल होता है। पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी ने सीसे का पाउडर इसी दुकान से हासिल किया था या कहीं अन्य जगह से इसकी व्यवस्था की थी।
पुलिस के मुताबिक, सितंबर में घर छोड़ने से पहले रेनू ने कथित तौर पर जहर को कूड़ेदान में फेंक दिया था।
24 नवंबर को दिल्ली से हुई गिरफ्तारी
सुशील की शिकायत पर 24 सितंबर 2026 को इंदिरापुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 123 और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में रेनू की मां लता सक्सेना, भाई रवि सक्सेना, जीजा सुशील गिरधर और परिचित बब्लू के नाम भी शामिल किए गए थे।
पुलिस ने बच्ची और डॉक्टरों के बयान दर्ज किए तथा तीनों पीड़ितों की मेडिकल रिपोर्ट की जांच की। इसके बाद 24 नवंबर 2026 को रेनू को दिल्ली के विवेक विहार स्थित झिलमिल कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया, जहां वह अपनी बहन के घर पर रह रही थी। पुलिस अन्य नामजद लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
लंबे समय तक लेड शरीर में पहुंचने से गंभीर नुकसान
डॉक्टरों के मुताबिक, सीसा एक जहरीली धातु है। इसकी थोड़ी-थोड़ी मात्रा लंबे समय तक शरीर में पहुंचने से भी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। क्रॉनिक लेड पॉइजनिंग के शुरुआती लक्षण कई बार स्पष्ट नहीं होते और इसका असर धीरे-धीरे शरीर के अलग-अलग अंगों पर पड़ता है।
यह पाचन तंत्र, तंत्रिका तंत्र, हृदय और प्रजनन प्रणाली को प्रभावित कर सकता है। गाजियाबाद के संजय नगर अस्पताल के पूर्व सीएमएस डॉ. संजय तियोतिया के अनुसार, शरीर में सीसे की मात्रा बहुत अधिक होने या इलाज में देरी होने पर दौरे, कोमा और मस्तिष्क को स्थायी नुकसान जैसी गंभीर स्थितियां पैदा हो सकती हैं। कुछ मामलों में यह जानलेवा भी हो सकता है।
केरल के कोडाथाई मामले से की जा रही तुलना
गाजियाबाद के इस मामले की तुलना केरल के चर्चित कोडाथाई साइनाइड हत्याकांड से की जा रही है। उस मामले में जॉली जोसेफ पर 2002 से 2016 के बीच परिवार के छह सदस्यों की हत्या करने का आरोप लगा था। जांचकर्ताओं ने संपत्ति विवाद और पारिवारिक कारणों को संभावित वजह बताया था।
जॉली को अक्टूबर 2019 में गिरफ्तार किया गया था। उस पर छह हत्या के मामले दर्ज हैं और उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, वह विचाराधीन कैदी के रूप में जेल में है।
यह भी पढ़ें