नोएडा स्टेडियम में रामलीला: लक्ष्मण शक्ति, कुंभकरण और मेघनाद वध का मंचन, सुलोचना के विलाप ने किया भावुक
श्रीराम की सेना और रावण की सेना के बीच युद्ध के दृश्यों ने बांधा समां; विजयादशमी पर रात 8:30 बजे होगा रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। नोएडा स्टेडियम में श्री सनातन धर्म रामलीला समिति के तत्वावधान में हरि भक्ति कला ट्रस्ट की ओर से आयोजित रामलीला में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। प्रसिद्ध निर्देशक पंकज शर्मा के निर्देशन में कलाकारों ने लक्ष्मण शक्ति, कुंभकरण वध, मेघनाद वध, सुलोचना सती और नारांतक वध की लीलाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। युद्ध के रोमांचक दृश्यों और भावनात्मक प्रसंगों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
लक्ष्मण शक्ति और संजीवनी प्रसंग ने किया भावुक
रामलीला की शुरुआत लक्ष्मण शक्ति प्रसंग से हुई। मेघनाद के शक्तिशाली अस्त्र से लक्ष्मण के मूर्छित होने और उनके प्राण बचाने के लिए हनुमान जी के संजीवनी बूटी लेकर आने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। लक्ष्मण के स्वस्थ होने पर रामदल में खुशी लौटने का प्रसंग दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा।
इसके बाद कुंभकरण को नींद से जगाने और उसके द्वारा रावण को भगवान श्रीराम से संधि करने की सलाह देने का मंचन किया गया। रावण द्वारा सलाह अस्वीकार किए जाने के बाद कुंभकरण युद्धभूमि में उतरता है, जहां भगवान श्रीराम की सेना के साथ भीषण युद्ध के बाद उसका वध हो जाता है।
लक्ष्मण के हाथों मेघनाद का वध, सुलोचना का विलाप
रामलीला में मेघनाद द्वारा निकुंभला देवी के मंदिर में पूजा और हवन के जरिए शक्ति प्राप्त करने के प्रयास का भी मंचन हुआ। हनुमान जी और वानर सेना के सहयोग से लक्ष्मण इस अनुष्ठान को विफल कर देते हैं। इसके बाद युद्ध में लक्ष्मण के हाथों मेघनाद का वध होता है।
मेघनाद की मृत्यु का समाचार मिलने पर सुलोचना के विलाप और अपने पति का शीश प्राप्त करने के लिए रामदल में पहुंचने के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। वहीं, रावण द्वारा नारांतक को युद्ध के लिए भेजने और सुग्रीव के पुत्र दधिबल द्वारा उसका वध किए जाने के प्रसंग ने दर्शकों में रोमांच पैदा किया।
कलाकारों के अभिनय ने जीता दर्शकों का दिल
राम की भूमिका अभिषेक शर्मा, लक्ष्मण की मोहित यादव, हनुमान जी की ऋषभ शर्मा और रावण की भूमिका अमित शर्मा ने निभाई। मेघनाद के रूप में विनय, सुलोचना के रूप में ऊषा, कुंभकरण के रूप में सुरेंद्र ठाकुर, नारांतक के रूप में सनी, विभीषण के रूप में अतुल और सुग्रीव के रूप में नितिन ने अभिनय किया।
सभी कलाकारों ने अपने अभिनय, संवाद अदायगी और भाव-भंगिमाओं से पात्रों को जीवंत कर दिया। मंचन के माध्यम से धर्म, भक्ति, त्याग, कर्तव्य और सनातन संस्कृति के मूल्यों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
गणमान्य अतिथियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, नोएडा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन मल्हन तथा नोएडा पंजाबी एकता समिति के सदस्य विनीत मेहता और नरेंद्र चौधरी उपस्थित रहे।
इसके अलावा नवीन सोनी, प्रवीण बंसल, जी.एन. चौरसिया, संजय बाली, सुशील भारद्वाज, अल्पेश गर्ग, मित्रा शर्मा, मुकेश शर्मा, चंद्रपाल सिंह, प्रमोद रंगा, प्रवीण सिंगरिया और विनय शर्मा सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
विजयादशमी पर होगा तीन पुतलों का दहन
रामलीला समिति के अनुसार, विजयादशमी के अवसर पर नोएडा स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 5 बजे से शुरू होगा और रात 8:30 बजे रावण, मेघनाद तथा कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा।
आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डॉ. महेश शर्मा के साथ नवाब सिंह नागर, वाई.पी. सिंह, कैप्टन विकास गुप्ता और विमला बाथम उपस्थित रहेंगे।
समिति ने नगरवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। विजयादशमी का पर्व असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। रामलीला के माध्यम से इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें