राहुल गांधी का दावा- राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, हत्या का माहौल तैयार किया गया
सोनिया और प्रियंका के साथ बातचीत के वीडियो में राहुल ने साझा की पिता की सुरक्षा को लेकर पुरानी चिंता; सोनिया ने बताया- बिहार दौरे से लौटकर राहुल ने दी थी अनहोनी की चेतावनी
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर बड़ा दावा किया है। राहुल के मुताबिक, राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। उन्होंने यह बात अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ हुई बातचीत के एक वीडियो में कही है।
यह बातचीत सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love को लेकर हुई। किताब 16 नवंबर को दिल्ली में लॉन्च की गई थी। वीडियो में तीनों परिवार से जुड़ी पुरानी घटनाओं और यादों पर चर्चा करते नजर आ रहे हैं।
राहुल ने बताया कि उन्होंने एक समय अपनी मां से कहा था कि यदि पिता की सुरक्षा बहाल नहीं की गई, तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल होना पड़ सकता है। राजीव गांधी की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक आत्मघाती बम हमले में हत्या कर दी गई थी।
सोनिया बोलीं- बिहार दौरे के बाद राहुल ने जताई थी अनहोनी की आशंका
वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि राहुल अपने पिता के साथ बिहार के दौरे पर गए थे। उस समय राजीव गांधी विपक्ष के नेता थे और खुले जीप में यात्रा कर रहे थे। दौरे के दौरान लोगों की ओर से उन पर पत्थर भी फेंके गए थे।
सोनिया के मुताबिक, घर लौटने के बाद राहुल ने उनसे कहा था, ‘मां, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार में शामिल होऊंगा।’
राहुल ने इस दौरे को सुरक्षा के मामले में आखिरी चेतावनी बताया। उनका कहना था कि वह इससे पहले भी पिता की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जता चुके थे।
सुरक्षा घेरे को लेकर विपक्षी नेता करते थे आलोचना
राजीव गांधी राजनीति में आने से पहले पायलट थे। वर्ष 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद संभाला। इसके बाद उनकी सुरक्षा काफी कड़ी कर दी गई थी। वह कई वर्षों तक सार्वजनिक कार्यक्रमों और रैलियों में बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर जाते थे।
1989 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद विपक्षी गठबंधन सत्ता में आया और वीपी सिंह प्रधानमंत्री बने। उस दौर में विपक्षी नेताओं का आरोप था कि राजीव गांधी सुरक्षा घेरे के कारण आम लोगों से दूर हो गए हैं।
टाइम मैगजीन के मुताबिक, राजीव गांधी ने 5 मई 1991 को बिहार की एक रैली में अपनी सुरक्षा को लेकर कहा था कि प्रधानमंत्री बनने के बाद व्यवस्था ने उन्हें अपने घेरे में ले लिया था। उन्होंने यह भी कहा था कि खतरा अभी कम नहीं हुआ है, लेकिन चुनाव प्रचार और सुरक्षा के बीच किसी एक को चुनना संभव नहीं है।
इसके कुछ ही दिनों बाद 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में चुनावी कार्यक्रम के दौरान आत्मघाती हमले में उनकी हत्या कर दी गई। उस समय उनकी उम्र 49 वर्ष थी।
प्रियंका ने बताया- पिता की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहती थीं सोनिया
बातचीत में प्रियंका गांधी ने बताया कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंतित रहती थीं। वह घर के आसपास लगी कांटेदार तारों की जांच करती थीं और यह भी देखती थीं कि सुरक्षा गार्ड सतर्क हैं या नहीं।
प्रियंका ने बताया कि उनका कमरा घर के सामने था। वह पिता के कदमों की आवाज सुनने तक जागती रहती थीं। उन्होंने बचपन की एक घटना भी साझा की, जब स्कूल में एक लड़के ने उनके चाचा संजय गांधी को लेकर टिप्पणी की थी। इस पर उन्होंने गुस्से में उसे थप्पड़ मार दिया था।
सोनिया ने बताया- 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने से पहले मन में था असमंजस
वीडियो में सोनिया गांधी ने 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए की जीत के बाद उनके मन में इस जिम्मेदारी को लेकर असमंजस था।
सोनिया ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान देशभर में पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं के प्रति उन्हें अपनी जिम्मेदारी महसूस हो रही थी। उन्हें लग रहा था कि वह उन लोगों को निराश कैसे कर सकती हैं, जिन्होंने कांग्रेस की जीत के लिए मेहनत की थी।
उन्होंने कहा कि उस समय सत्ता का आकर्षण भी उनके मन में था, लेकिन प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने को लेकर वह दुविधा में थीं।
राहुल बोले- मां के फैसले से कमरे में मौजूद लोग खुश थे
राहुल गांधी ने बातचीत में 2004 के घटनाक्रम को याद करते हुए कहा कि उस समय परिवार के लोग प्रधानमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं को करीब से देख रहे थे।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक ऐसे व्यक्ति मौजूद थे, जिनमें प्रधानमंत्री बनने की पूरी योग्यता और क्षमता थी।
राहुल के मुताबिक, जब सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का फैसला किया, तो कमरे में मौजूद लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दे रही थी।
यह भी पढ़ें