यूपी के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, आयुष्मान पोर्टल होगा शुरू
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पोर्टल को Go-Live करने की दी सहमति, जिला सूचना अधिकारियों को एक सप्ताह में पत्रकारों और उनके आश्रितों का विवरण अपलोड करने के निर्देश
अनप्लग इंडिया। डेस्क
लखनऊ/गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल तेज हो गई है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए विकसित नए पोर्टल को शुरू करने की सहमति दे दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में आयोजित बैठक के दौरान पोर्टल के संचालन और आवेदन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सूचना निदेशक ने पोर्टल को Go-Live करने की सहमति प्रदान की। इसके बाद स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली और आवेदन से लेकर कार्ड डाउनलोड करने तक की पूरी प्रक्रिया का प्रस्तुतिकरण दिया। लाइव डेमो के माध्यम से पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड बनवाने, आवेदन करने तथा दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया समझाई गई।
एक सप्ताह में पूरा करना होगा आवेदन संबंधी काम
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए सरल और सुविधाजनक बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को इसका लाभ जल्द मिल सके।
उन्होंने प्रदेश के सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी जानकारी और आवश्यक औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूरी कर पोर्टल पर अपलोड की जाएं। साथ ही, इस कार्य की जानकारी मुख्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सके।
सूचना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस काम में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए।
आवेदन से कार्ड डाउनलोड तक की प्रक्रिया समझाई
बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल के विभिन्न चरणों का प्रदर्शन किया। इसमें आवेदन जमा करने, विवरण के सत्यापन और आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया शामिल रही।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य जिलों में पोर्टल के संचालन को सुचारु बनाना और पात्र पत्रकारों के आवेदन समय पर पूरा कराना है।
पत्रकारों और उनके परिवारों को मिलेगी राहत
नई व्यवस्था से मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। पोर्टल के माध्यम से आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थियों को योजना के नियमों के अनुसार चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें