वाजिदपुर में वोट बनवाने पहुंचे लोगों को नहीं मिला फॉर्म-6, बीएलओ ने दस्तावेजों की फोटो कॉपी जमा करने को कहा
ग्राम विकास संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने निर्वाचन आयोग की व्यवस्था पर उठाए सवाल, पूछा—फॉर्म उपलब्ध नहीं तो नए मतदाता कैसे बनेंगे?
अनप्लग इंडिया। डेस्क
नोएडा। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच गौतम बुद्ध नगर के वाजिदपुर गांव में फॉर्म-6 उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आया है। ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने आरोप लगाया कि वह अपने दोनों बच्चों प्रियान्शी चौहान और प्रिंस चौहान का नया वोट बनवाने के लिए गांव के प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ संख्या 571 पर पहुंचे थे, लेकिन वहां फॉर्म-6 उपलब्ध नहीं था।
अशोक चौहान के मुताबिक, बूथ पर मौजूद बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) ने उन्हें बताया कि उनके पास नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 नहीं है। उन्होंने दस्तावेजों की फोटो कॉपी और एक-एक फोटो जमा करने को कहा तथा बताया कि फॉर्म उपलब्ध होने पर आवेदन भर दिया जाएगा।
फॉर्म-6 के बिना नए मतदाता कैसे बनेंगे?
अशोक चौहान ने इस स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए निर्धारित फॉर्म ही बूथ पर उपलब्ध नहीं हैं, तो अभियान का लाभ लोगों तक कैसे पहुंचेगा? उन्होंने निर्वाचन आयोग से व्यवस्था को स्पष्ट करने और संबंधित बूथों पर समय से फॉर्म उपलब्ध कराने की मांग की।
निर्वाचन आयोग की व्यवस्था पर उठाए सवाल
अशोक चौहान ने सवाल किया कि क्या लोगों को नए वोट बनवाने के लिए बूथों तक बुलाने से पहले जरूरी फॉर्म और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं की जानी चाहिए थीं? उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में आवश्यक सामग्री की अनुपलब्धता से लोगों को परेशानी हो सकती है।
उन्होंने निर्वाचन आयोग और संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर बूथ संख्या 571 पर फॉर्म-6 की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा नए मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित कराने की मांग की।
यह भी पढ़ें