ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, घर में मिले पति-पत्नी और तीन बच्चों के शव
नंगला श्रीपदम गांव में घटना से मचा हड़कंप, संपत्ति विवाद की भी चर्चा; भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की आशंका समेत कई पहलुओं पर जांच
अनप्लग इंडिया। डेस्क
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध नगर के नंगला श्रीपदम गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। पड़ोसियों के मुताबिक, सुबह काफी देर तक परिवार के सदस्य घर से बाहर नहीं निकले तो उन्हें शक हुआ। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर परिवार के सदस्य बिस्तर पर पड़े दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11) और साक्षत (3) तथा बेटी मिष्टी (7) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
रात में परिवार ने खाया था खाना, सुबह नहीं खुला दरवाजा
परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे महेश और परिवार के अन्य सदस्यों ने नूडल्स खाए थे। इसके बाद सभी सोने चले गए। महेश की मां ने बताया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए उन्होंने खाना नहीं खाया। शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्य काफी देर तक नहीं उठे तो उन्हें चिंता हुई।
बताया जा रहा है कि घर के अंदर पिता और बड़ा बेटा एक बिस्तर पर मिले, जबकि दूसरे बिस्तर पर मां और दोनों छोटे बच्चे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। भोजन में किसी जहरीले पदार्थ की आशंका को लेकर भी पड़ताल की जा रही है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
संपत्ति को लेकर विवाद की बात आई सामने
स्थानीय लोगों के मुताबिक, महेश के परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। पड़ोसियों ने दावा किया कि महेश की अपनी मां से इस विषय पर अक्सर कहासुनी होती थी। आरोप है कि परिवार की संपत्तियों को बेटियों के नाम किए जाने को लेकर तनाव था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच में इनके तथ्यों को परखा जा रहा है।
महेश के साले सोनू ने बताया कि परिवार के पास दिल्ली और रबूपुरा में संपत्ति के अलावा खेती की जमीन भी थी। उनके अनुसार, कुछ संपत्तियां महेश की बहनों के नाम की गई थीं और खेती की जमीन से मुआवजा भी मिला था। सोनू ने आशंका जताई कि संपत्ति से जुड़ा तनाव इस घटना की वजह हो सकता है। उन्होंने बताया कि करीब 10 दिन पहले महेश अपने परिवार के साथ उनके घर आए थे और उस समय उन्हें कोई असामान्य बात नजर नहीं आई थी।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
मृतक महेश की भाभी ने भी परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद होने की बात कही। वहीं, ललिता की बहन पूजा ने आरोप लगाया कि संपत्ति विवाद के कारण उनकी बहन और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने इसे हत्या बताते हुए महेश की ननद और नंदोई पर आरोप लगाए हैं।
दूसरी ओर, पुलिस भोजन में जहरीले पदार्थ की आशंका, आत्महत्या और हत्या समेत विभिन्न संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि परिवार में हाल के दिनों में किसी तरह का तनाव था या नहीं और घटना से पहले परिवार ने क्या खाया था।
डीसीपी ने क्या कहा?
गौतम बुद्ध नगर के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि रबूपुरा क्षेत्र में एक परिवार के पांच लोगों की मौत हुई है। सभी ने शुक्रवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच खाना खाया था। शनिवार सुबह जब एक बच्चा परीक्षा के लिए जगाने पहुंचा, तब घटना का पता चला। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिवार ने जिन चीजों का सेवन किया था, उनके साथ अन्य साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें